भोपाल में मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, कहा- ‘इस्लाम में गोमांस हराम’, गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, कहा- ‘इस्लाम में गोमांस हराम’, गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग


भोपाल, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पुराने शहर स्थित इतवारा चौराहे पर मंगलवार को मुस्लिम समाज ने गाय काे राष्ट्रीय पशु घाेषित करने की मांग काे लेकर प्रदर्शन किया। ‘ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी’ के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और मांग जोर-शोर से उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान ‘गौ माता के सम्मान में मुस्लिम समाज मैदान में’ जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शन की खास बात यह रही कि यह मांग खुद मुस्लिम समाज की ओर से सामने आई, जिसे आमतौर पर इस मुद्दे पर अलग नजरिए से देखा जाता रहा है। इस वजह से यह आंदोलन सामाजिक ही नहीं, बल्कि व्यापक संदेश देने वाला भी माना जा रहा है। कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने स्पष्ट कहा कि इस्लाम धर्म में गाय का मांस खाना और उसका वध करना हराम माना गया है। उन्होंने कहा, “हम गौ रक्षा के पक्षधर हैं। हमारे नबी की शिक्षाओं के अनुसार न तो हम गाय को काट सकते हैं और न ही उसका मांस खा सकते हैं। गाय का दूध और घी हमारे लिए उपयोगी बताया गया है, जिसका हम नियमित उपयोग करते हैं।”

उन्होंने देश में गाय और बछड़ों को लेकर बन रहे तनावपूर्ण हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि इस मुद्दे को गलत दिशा में ले जाया जा रहा है। उनका कहना था कि जब समाज गाय को माता का दर्जा देता है, तो उसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने में सरकार को किसी प्रकार की आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि यह मांग मुस्लिम समाज की ओर से उठाई जा रही है, इसलिए इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री से गाय को जल्द राष्ट्रीय पशु घोषित करने की अपील की गई। प्रदर्शनकारियों का मानना है कि ऐसा होने से गायों के वध से जुड़े विवाद, अफवाहें और आरोप-प्रत्यारोप कम होंगे, साथ ही वास्तविक दोषियों की पहचान करना भी आसान होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story