भोपाल हत्याकांड में नया मोड़, किराना कारोबारी की मौत गोली से नहीं सीने में धंसी रॉड से, लेनदेन के एंगल पर भी जांच
मध्य प्रदेश, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में किराना कारोबारी मोहम्मद हनीफ की हत्या के मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर इसे गोली मारकर की गई हत्या माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट ने कहानी बदल दी है। रिपोर्ट के अनुसार, हनीफ की मौत सीने में आर-पार धंसी रॉडनुमा वस्तु से हुई, जिससे उनका हार्ट पंचर हो गया।
गुरुवार देर शाम आई शॉर्ट पाेस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि जिस चोट को अब तक गोली का निशान माना जा रहा था, वह दरअसल किसी नुकीली रॉड जैसी वस्तु से लगी थी। हालांकि, पुलिस अभी तक उस हथियार को बरामद नहीं कर सकी है, जिससे हत्या को अंजाम दिया गया।
50 लाख के लेनदेन की जांच
मृतक के भाई मोहम्मद अनीस ने बताया कि हनीफ का करीब 50 लाख रुपए का लेनदेन चल रहा था। उन्होंने कई लोगों को उधार माल दिया था। इस संबंध में हिसाब-किताब की डायरी पुलिस को सौंप दी गई है। अब पुलिस उन सभी लोगों से पूछताछ की तैयारी में है, जिनसे हनीफ का आर्थिक लेनदेन था। परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन दोपहर करीब 1 बजे हनीफ को एक कॉल आया था, जिसके बाद वे “कुछ देर में लौटने” की बात कहकर घर से निकले थे। शाम करीब 4:30 बजे उनका शव शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर शमशाबाद रोड के पास मिला। पुलिस अब उस आखिरी कॉल और उससे जुड़े लोगों की भूमिका को खंगाल रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात सुनसान इलाके में हुई। गर्मी के कारण सड़क पर आवाजाही कम थी। आशंका है कि हमलावर ने पहले हनीफ को रोका, फिर किसी बात पर विवाद हुआ और उसके बाद घातक हमला कर फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला है, जिससे जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है। अब पुलिस आरोपियों के आने-जाने के संभावित रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर एक रोडमैप तैयार कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

