भोपाल को आज मिलेगा अत्याधुनिक निगम मुख्यालय, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ‘अटल भवन’ का करेंगे लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल को आज मिलेगा अत्याधुनिक निगम मुख्यालय, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ‘अटल भवन’ का करेंगे लोकार्पण


भोपाल को आज मिलेगा अत्याधुनिक निगम मुख्यालय, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ‘अटल भवन’ का करेंगे लोकार्पण


भोपाल, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को आज (गुरुवार काे) नगर प्रशासन की नई पहचान मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल नगर निगम के नए अत्याधुनिक मुख्यालय ‘अटल भवन’ का लोकार्पण करेंगे। तुलसी नगर सेकंड स्टॉप स्थित यह 8 मंजिला भवन 43 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है और इसे ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर विकसित किया गया है।

करीब 4 एकड़ क्षेत्र में बने इस आधुनिक भवन में नगर निगम के सभी प्रमुख विभागों को एक ही छत के नीचे लाया जा रहा है। इससे नागरिकों को अलग-अलग कामों के लिए शहर के विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ‘अटल भवन’ प्रदेश की पहली नगरीय निकाय इमारत होगी, जिसमें जियोथर्मल तकनीक का उपयोग किया गया है। भवन को ऊर्जा दक्ष बनाने के लिए पार्किंग क्षेत्र में सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिनसे 300 किलोवाट बिजली उत्पादन होगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीमच जिले में भोपाल नगर निगम द्वारा स्थापित 10.5 मेगावॉट सोलर प्रोजेक्ट का भी लोकार्पण करेंगे। इसे नगरीय प्रशासन में स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

एक ही जगह मिलेंगी निगम की सभी सेवाएं

अब तक नगर निगम के कार्यालय शहर के करीब 10 अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहे थे। नए मुख्यालय के शुरू होने के बाद अधिकांश विभाग यहां शिफ्ट हो जाएंगे। यहां सेंट्रल वर्कशॉप, बिल्डिंग परमिशन, जनसंपर्क, जल कार्य, सीवेज, स्वच्छ भारत मिशन, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, राजस्व, अतिक्रमण, हाउसिंग फॉर ऑल, झील प्रकोष्ठ, एनयूएलएम समेत कई महत्वपूर्ण शाखाएं एक ही परिसर में संचालित होंगी।

भवन के ग्राउंड फ्लोर पर आधुनिक जनसुविधा केंद्र बनाया गया है, जहां नागरिकों को सभी विभागों की जानकारी और सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत

अभी नगर निगम की अलग-अलग शाखाएं आईएसबीटी, माता मंदिर, शाहपुरा और फतेहगढ़ सहित कई स्थानों पर संचालित हो रही हैं। नए मुख्यालय के शुरू होने से प्रशासनिक कामकाज तेज होगा और आम लोगों का समय भी बचेगा।

समारोह में कई दिग्गज रहेंगे मौजूद

लोकार्पण कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, खेल मंत्री विश्वास सारंग, प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, मंत्री कृष्णा गौर, प्रतिमा बागरी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री, आरिफ मसूद और आतिफ अकील सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज की शुरूआत 9.20 पर अधिकारियों से ब्रीफिंग कर करेंगे। इसके बाद वे 9.40 बजे सीहोर जिले के आष्टा में ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन’ में वर्चुअली शामिल होंगे। जिसके बाद सुबह 10 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा-2026’ का शुभारंभ करेंगे। 11 बजे भोपाल नगर निगम मुख्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद दोपहर 12.40 बजे स्टेट हैंगर भोपाल से जबलपुर रवाना होंगे। जहां 1.25 बजे जबलपुर से मंडला जिले के ग्राम खिवनी रैयत पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे ग्राम जेवरिया रैयत पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे से 2.25 बजे तक स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे और दोपहर 2.35 बजे मंडला से जबलपुर एयरपोर्ट रवाना होंगे। शाम 3:10 बजे जबलपुर से तिरुपति, आंध्र प्रदेश के लिए रवाना होंगे। जहां शाम 6 बजे होटल लेमन ट्री प्रीमियर तिरुपति पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 7.15 बजे तिरुपति से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे और रात 10 बजे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नई दिल्ली पहुंचेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story