भोपाल नगर निगम में आज ‘नारी शक्ति वंदन’ पर चर्चा के लिए विशेष सम्मेलन, महिला पार्षद मंथन करेंगी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल नगर निगम में आज ‘नारी शक्ति वंदन’ पर चर्चा के लिए विशेष सम्मेलन, महिला पार्षद मंथन करेंगी


भोपाल, 16 अप्रैल (हि.स.)। ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम के तहत भोपाल नगर निगम परिषद का विशेष सम्मेलन आज गुरुवार सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। आईएसबीटी स्थित निगम मुख्यालय के मीटिंग हॉल में होने वाले इस सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी।

निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी के अनुसार, इस सम्मेलन में महिला पार्षद सक्रिय भागीदारी निभाते हुए ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम और उससे जुड़े प्रावधानों पर मंथन करेंगी। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं की भूमिका, अधिकारों और भागीदारी को और मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श करना है। प्रदेश में 10 से 25 अप्रैल तक ‘नारी शक्ति वंदन’ पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नगरीय प्रशासन विभाग ने सभी नगरीय निकायों को इस विषय पर विशेष सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

सम्मेलन की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की जाएगी। इस अवसर पर महापौर मालती राय, निगम आयुक्त संस्कृति जैन सहित सभी महिला पार्षद उपस्थित रहकर अपने विचार साझा करेंगी। यह सम्मेलन महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने और स्थानीय शासन में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story