भोपाल निगम कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, हर दिन 5 हजार रुपए जुर्माने का टारगेट, अपर आयुक्त के आदेश का विरोध
भोपाल, 15 सितंबर (हि.स.)। भाेपाल नगर निगम में रोजाना जुर्माना वसूली के निर्धारित लक्ष्य को लेकर मंगलवार को कर्मचारियों का विरोध सामने आया। कर्मचारियों ने नगर निगम मुख्यालय परिसर में नारेबाजी कर अपर आयुक्त अमन मिश्रा के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जोन स्तर पर स्वास्थ्यकर्मियों को प्रतिदिन 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूलने का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य पूरा नहीं होने पर कार्रवाई की बात कही जा रही है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है।
कर्मचारियों के मुताबिक गंदगी फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने जैसी गतिविधियों पर नगर निगम की ओर से जुर्माना लगाया जा रहा है। इसकी वसूली की जिम्मेदारी जोन के स्वास्थ्यकर्मियों को दी गई है। कर्मचारियों का कहना है कि कई क्षेत्रों में प्रतिदिन 1,500 से 2,000 रुपए तक की भी वसूली नहीं हो पा रही है, ऐसे में 5 हजार रुपए प्रतिदिन का लक्ष्य पूरा करना व्यवहारिक नहीं है।
कमिश्नर से मिले कर्मचारी
लक्ष्य को लेकर नाराज कर्मचारी मंगलवार को निगम मुख्यालय पहुंचे और परिसर में नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने निगम कमिश्नर संस्कृति जैन से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं। उन्होंने जुर्माना वसूली के दैनिक लक्ष्य को खत्म करने की मांग की।
अखिल भारतीय मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनिल श्रवण ने कहा कि कर्मचारियों पर प्रतिदिन 5 हजार रुपए का जुर्माना वसूलने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि यदि क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कम है तो कर्मचारियों से तय राशि की वसूली की अपेक्षा करना उचित नहीं है। उन्होंने निगम प्रशासन से लक्ष्य की व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की।
गंदगी और थूकने पर हो रही कार्रवाई
नगर निगम शहर में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार इसी कार्रवाई के तहत गंदगी फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वालों से जुर्माना वसूला जाता है। कर्मचारियों का विरोध जुर्माना लगाने की कार्रवाई से अधिक प्रतिदिन तय किए गए वसूली लक्ष्य को लेकर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

