भोपाल के एमपी नगर में ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट, फॉर्च्यूनर बनी आग का गोला, बिल्डिंग में धुआं भरने से मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के एमपी नगर में ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट, फॉर्च्यूनर बनी आग का गोला, बिल्डिंग में धुआं भरने से मची अफरा-तफरी


भोपाल, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के एमपी नगर जोन-2 में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब ट्रांसफॉर्मर में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हो गया। धमाके की चपेट में पास खड़ी एक फॉर्च्यूनर कार आ गई, जो देखते ही देखते आग का गोला बन गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास की बिल्डिंग धुएं से भर गई।

जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब 10:35 बजे की है। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक आग तेजी से फैलते हुए पास की बिल्डिंग तक पहुंच चुकी थी।

स्पार्किंग से धमाका, तेल ने बढ़ाई आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर के पास खड़ी कार के नजदीक एक मैकेनिक की दुकान है। पहले ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग हुई और फिर अचानक धमाका हो गया। ट्रांसफॉर्मर में मौजूद तेल के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और पास खड़ी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार बिल्डिंग से सटी हुई थी, जिससे आग की लपटें सीधे बिल्डिंग तक पहुंच गईं। ग्राउंड फ्लोर का मुख्य गेट जल गया और ऊपरी मंजिलों तक धुआं भर गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। सूचना के बाद पुल बोगदा और माता मंदिर फायर स्टेशन से पहुंची दो दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से कोई जनहानि नहीं हुई।

जनपद अध्यक्ष के नाम की थी कार

बताया जा रहा है कि जली हुई फॉर्च्यूनर सेकेंड हैंड थी, जिसकी कीमत करीब 18 लाख रुपए बताई जा रही है। कार पर औबेदुल्ला गंज जनपद अध्यक्ष के नाम की तख्ती लगी थी, जिसे बाद में हटा दिया गया। जानकारी के अनुसार, कार मरम्मत के लिए वहां खड़ी की गई थी।

पुलिस और बिजली विभाग की जांच जारी

एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था। शुरुआती जांच में ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग को आग लगने की वजह माना जा रहा है। फिलहाल बिजली कंपनी की टीम ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story