भोपाल में मां ने अपने दो बच्चों के साथ जहर खाकर दी जान, पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की कर रही जांच

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में मां ने अपने दो बच्चों के साथ जहर खाकर दी जान, पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की कर रही जांच


भोपाल, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी क्षेत्र में एक महिला ने अपने दाे बच्चाें के साथ जहर खाकर अपनी जान दे दी। तीनों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शनिवार देर रात महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि रविवार तड़के दोनों बच्चों की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले परिवार में आटा देने को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, अरवलिया क्षेत्र निवासी 37 वर्षीय रुखसाना के पति फहीम धार्मिक शिक्षा देने के साथ मैकेनिक की दुकान भी चलाते हैं। परिवार में 12 साल की बेटी और 8 साल का बेटा था। दोनों बच्चे स्कूल में पढ़ते थे। फहीम ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर उनके छोटे भाई की पत्नी ने रुखसाना से आटा मांगा था। घर में आटा कम होने की बात कहते हुए रुखसाना ने उसे देने से मना कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर फहीम ने पत्नी को सख्त लहजे में समझाया था। पति के अनुसार, इस बात से रुखसाना नाराज थी। पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर फहीम अपनी दुकान पर थे। इसी दौरान रुखसाना दोनों बच्चों को स्कूल से समय से पहले घर ले आई। घर लाकर उसने बच्चों को खाना खिलाया और कुछ देर सामान्य रही। इसके बाद उसने गेहूं में रखने वाली सल्फास की गोली पानी में घोलकर पहले दोनों बच्चों को पिलाई और फिर खुद भी पी ली।

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि घर से बच्चों की चीखने चिल्लाने की आवाजें सुनाई देने पर वे मौके पर पहुंचे। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह अंदर पहुंचने पर महिला और दोनों बच्चों की हालत गंभीर मिली। इसके बाद परिजन और पड़ोसी तीनों को तत्काल हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान पहले रुखसाना और फिर दोनों बच्चों की मौत हो गई।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

एसपी पंकज पांडे के मुताबिक, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और पति की ओर से पत्नी को समझाने के बाद हुई नाराजगी की बात सामने आई है। मृतका के पिता हलीम खान ने भी पुलिस को दिए बयान में देवरानी के साथ हुए विवाद का उल्लेख किया है। हालांकि, पुलिस इसे घटना का अंतिम कारण नहीं मान रही है। परिजनों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story