भोपाल के कजलीखेड़ा में आधी रात दो बदमाशों ने की फायरिंग, पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के कजलीखेड़ा में आधी रात दो बदमाशों ने की फायरिंग, पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप


भोपाल, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। दो युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो भी सामने आया है। घटना के बाद फरियादी अजय बैरागी शिकायत लेकर थाने पहुंचा और पुलिस पर एफआईआर दर्ज करने में देरी करने का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस ने इस आरोप से इनकार किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में फायरिंग की घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। थाना प्रभारी पल्लवी पांडे के मुताबिक, बैरागढ़ चीचली निवासी जीतू यादव पर फायरिंग करने का आरोप है। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। फरियादी अजय बैरागी का आरोप है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर कजलीखेड़ा थाने पहुंचा था, लेकिन उसकी शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई और उसे वापस भेज दिया गया। वहीं थाना प्रभारी ने पुलिस की ओर से किसी तरह की लापरवाही या देरी के आरोप को खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि फरियादी पक्ष थाने में मौजूद है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वीडियो के आधार पर जांच तेज

फायरिंग की घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसे जांच में शामिल किया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ ही घटना के कारण और मौके पर मौजूद लोगों की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार किसके पास था और घटना के पीछे पुराना विवाद क्या था। मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story