भाेपाल: उड़िया बस्ती में नाले की समस्या पर मंत्री सारंग सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

WhatsApp Channel Join Now
भाेपाल: उड़िया बस्ती में नाले की समस्या पर मंत्री सारंग सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार


भोपाल, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के छोला क्षेत्र स्थित उड़िया बस्ती में नाले की समस्या को लेकर प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय रहवासियों ने नाले का गंदा पानी घरों में भरने और लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर तलब कर कड़ी नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने अधिकारियों से पूछा कि करीब दो वर्ष पहले स्वीकृत निर्माण कार्य अब तक पूरा क्यों नहीं हुआ। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि के बावजूद कार्य में देरी गंभीर लापरवाही है और इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाले की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए और निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई, जिसमें एफआईआर दर्ज कराने जैसे कदम भी शामिल हैं, से पीछे नहीं हटेंगे।

रहवासियों ने मंत्री को बताया कि बरसात के दौरान नाले का पानी घरों में भर जाता है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। मंत्री सारंग ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाकर लोगों को जल्द राहत दिलाई जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story