भोपाल में एमडी ड्रग तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार, 23.14 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में एमडी ड्रग तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार, 23.14 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त


एमपी नगर में ग्राहक को सप्लाई देने की तैयारी में था आरोपी, पूछताछ में सप्लायर का खुलासा

भोपाल, 02 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच ने शनिवार काे मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23.14 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया है।

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एमपी नगर स्थित ब्रिज के नीचे एक युवक ग्राहक को एमडी ड्रग की डिलीवरी देने के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम माणिकलाल निवासी गोविंद गार्डन, अशोका गार्डन बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 23.14 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई।

पूछताछ के दौरान माणिकलाल ने बताया कि उसने यह ड्रग मोहम्मद रिहान से खरीदी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पीरगेट निवासी रिहान खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी मात्रा में एमडी ड्रग उन्हें कहां से मिली और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। क्राइम ब्रांच का कहना है कि शहर में नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story