भोपाल में 26 नवंबर को कांग्रेस का विशाल मार्च, एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य : जीतू पटवारी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में 26 नवंबर को कांग्रेस का विशाल मार्च, एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य : जीतू पटवारी


भोपाल, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस 26 नवंबर को राजधानी भोपाल में भाजपा सरकार के खिलाफ विशाल मार्च निकालने की तैयारी कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस आयोजन में एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। उन्होंने प्रदेशभर के कांग्रेस पदाधिकारियों, विधायकों, जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों और युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में भोपाल पहुंचने का आह्वान किया है।

जीतू पटवारी ने रविवार काे जारी अपने बयान में कहा कि मार्च के माध्यम से भाजपा सरकार पर वोट चोरी, भ्रष्टाचार और कुशासन के आरोपों को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में इस आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए पार्टी के सभी संगठनों और स्थानीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को भी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 26 नवंबर को भोपाल में एक लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य है। पार्टी इस मार्च के जरिए लोकतंत्र, जन अधिकारों और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

पटवारी ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मार्च को सफल बनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777648 Articles

Share this story