भोपाल के मालीखेड़ी में भीषण आग, कबाड़ गोदाम जलकर खाक, नरवाई से आग भड़कने की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के मालीखेड़ी में भीषण आग, कबाड़ गोदाम जलकर खाक, नरवाई से आग भड़कने की आशंका


भोपाल, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मालीखेड़ी इलाके में बुधवार दोपहर एक कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम जलकर राख हो गया। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के रहवासी इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए, ताकि आग आसपास के क्षेत्रों में न फैल सके। इधर, सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय पार्षद विकास पटेल के अनुसार, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा पूरा सामान जलने से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है।

बताया जा रहा है कि गोदाम टीन शेड का बना हुआ था और उसके आसपास खेत स्थित हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पास के खेतों में नरवाई (फसल अवशेष) जलाए जाने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि वहीं से उठी चिंगारी के कारण गोदाम में आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। गनीमत रही कि गोदाम के आसपास घनी आबादी या पक्के मकान नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story