भोपाल में महाराणा प्रताप जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, 50 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान
प्रतिभावान विद्यार्थियों, युवाओं और दिव्यांगजनों का सम्मान, समाज की एकजुटता का दिखा संदेश
भोपाल, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वीरता, त्याग और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर बुधवार को शहर में भव्य आयोजन किया गया। जय मेवाड़ राजपूत समाज और श्री प्रताप सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेवाड़ गौरव वीर शिरोमणि समारोह के तहत शिवाजी महाराज चौराहे से महाराणा प्रताप चौराहे तक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के युवा, बुजुर्ग, मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा के पश्चात रक्तदान शिविर, प्रतिभा सम्मान समारोह और दिव्यांग सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए। रक्तदान शिविर में 50 से अधिक युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। आयोजन समिति द्वारा सभी रक्तदाताओं का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के युवा कल्याण एवं खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग शामिल हुए। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल वीरता के प्रतीक नहीं थे, बल्कि सामाजिक समरसता, संवेदनशीलता और स्वाभिमान के भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्र और समाज के सम्मान की रक्षा करते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का आदर्श प्रस्तुत किया।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों, समाज के होनहार युवाओं तथा दिव्यांगजनों का सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप के आदर्श आज भी युवाओं को राष्ट्रसेवा, आत्मसम्मान और संघर्ष की प्रेरणा देते हैं। आयोजन में महाराणा प्रताप लोक के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, मंत्री विश्वास सारंग, केदार सिंह मंडलोई सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन ‘जय मेवाड़’, ‘जय भवानी’ और ‘जय राजपूताना’ के जयघोष के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

