भाेपाल: रसोई गैस के दाम बढ़े, घरेलू सिलेंडर 60 रुपए महंगा, कीमत में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
भाेपाल: रसोई गैस के दाम बढ़े, घरेलू सिलेंडर 60 रुपए महंगा, कीमत में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन


भोपाल, 07 मार्च (हि.स.)। घरेलू रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी हुई है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की वृद्धि की गई है। गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के विरोध में भोपाल में कांग्रेस सड़क पर उतर आई।

भोपाल जिला कांग्रेस ने शनिवार काे रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘महंगाई का इंजेक्शन’ लिखे पोस्टर और गैस सिलेंडर के कट-आउट लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि घर का बजट रसोई से शुरू होता है और गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों ने परिवारों की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर डाला है। उन्होंने सरकार से जल्द कीमतें कम करने की मांग की। भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि वर्ष 2014 में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत करीब 400 रुपए थी, जो अब बढ़कर 900 रुपए से अधिक हो गई है। उनका आरोप है कि महंगाई हर क्षेत्र में बढ़ रही है और इसका सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडर के दाम कम नहीं किए गए तो कांग्रेस आने वाले समय में बड़ा आंदोलन करेगी।

जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर सस्ता ईंधन उपलब्ध कराने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं।

बता दें कि इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को भी घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। हालांकि 8 मार्च 2024 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सरकार ने सिलेंडर के दाम में 100 रुपए की कटौती की थी।

मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम इस प्रकार हैं—

भोपाल: 918 रुपए

इंदौर: 941 रुपए

ग्वालियर: 996 रुपए

जबलपुर: 919 रुपए

उज्जैन: 972 रुपए

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story