भोपाल में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार की रिश्वत लेते हाउसिंग बोर्ड का कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार की रिश्वत लेते हाउसिंग बोर्ड का कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार


भाेपाल, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल (हाउसिंग बोर्ड) के एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जवाहर चौक स्थित कार्यालय के गोमन्तिका परिसर में मंगलवार को की गई।

रिश्वतखाेर आरोपी की पहचान ज्ञानेंद्र कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो संपदा शाखा में आउटसोर्स कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। उस पर सुल्तानाबाद निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी दूधनाथ शुक्ला से मकान की लीज नवीनीकरण के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी पत्नी के नाम पर आवंटित ईडब्ल्यूएस मकान की लीज बढ़ाने के लिए आरोपी लगातार पैसे की मांग कर रहा था और राशि न देने पर काम टाल रहा था। परेशान होकर उन्होंने लोकायुक्त से शिकायत की।

लोकायुक्त टीम ने शिकायत की गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई। मंगलवार काे शिकायतकर्ता को 5 हजार रुपये की पहली किस्त लेकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, मौके पर मौजूद टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया । आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में, पुलिस अधीक्षक दुर्गेश राठौर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में लोकायुक्त द्वारा लगातार रिश्वतखोर अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, बावजूद इसके ऐसे मामलों में कमी नहीं आ रही है। हाल ही में सीधी जिले में भी एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story