भोपालः बेकाबू कार बंद रेस्टोरेंट में घुसी, चालक समेत दो घायल
भोपाल, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के लालघाटी चौराहे पर बुधवार तड़के करीब तीन बजे तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक बंद रेस्टोरेंट में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेस्टोरेंट के सामने लगे पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी।
कोहेफिजा थाना पुलिस के अनुसार कार में हबीब और सुफियान नाम के दो युवक सवार थे। हादसे में दोनों को मामूली चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार (ओवरस्पीडिंग) माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया। दुर्घटना में रेस्टोरेंट संचालक को आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चालक की मेडिकल जांच (एमएलसी) कराई जा रही है, ताकि यह भी स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना के समय वह किसी नशे के प्रभाव में था या नहीं।
फिलहाल हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

