भोपाल में जनता क्वार्टरों के आवास तोड़ने पर जीतू पटवारी ने उठाए सवाल, बोले- पुनर्वास के बिना परिवारों को बेघर करना अन्यायपूर्ण

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में जनता क्वार्टरों के आवास तोड़ने पर जीतू पटवारी ने उठाए सवाल, बोले- पुनर्वास के बिना परिवारों को बेघर करना अन्यायपूर्ण


भोपाल में जनता क्वार्टरों के आवास तोड़ने पर जीतू पटवारी ने उठाए सवाल, बोले- पुनर्वास के बिना परिवारों को बेघर करना अन्यायपूर्ण


भोपाल, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र स्थित जनता क्वार्टरों में जर्जर भवनों के नाम पर आवासों को तोड़ने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि गरीबों और मध्यम वर्ग को पक्के मकान देने का वादा करने वाली सरकार को पहले से इन आवासों में रह रहे परिवारों के भविष्य की चिंता करनी चाहिए। पुनर्वास की ठोस व्यवस्था किए बिना लोगों को बेघर करना उचित नहीं है।

जीतू पटवारी ने साेमवार काे अपने बयान में कहा कि भोपाल में जनता क्वार्टर के करीब 599 आवासों को ध्वस्त करने और इंदौर में 62 घरों को तोड़ने की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। इन मकानों में कई परिवार लंबे समय से रह रहे हैं। उनके लिए ये सिर्फ आवास नहीं, बल्कि जीवनभर की जमा-पूंजी और आजीविका से जुड़े ठिकाने भी हैं। ऐसे में कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक आवास, रोजगार और आर्थिक सहायता की व्यवस्था की जानी चाहिए थी।

उन्होंने सवाल उठाया कि जिन परिवारों की कई पीढ़ियां इन मकानों में रह चुकी हैं और जिन्होंने छोटे व्यवसायों व दुकानों के माध्यम से अपनी आजीविका बनाई है, उनके पुनर्वास को लेकर सरकार ने क्या ठोस योजना तैयार की है? केवल मकानों को खाली कराना और लोगों का सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना पर्याप्त नहीं है। जरूरी यह है कि कार्रवाई के बाद इन परिवारों के रहने और आजीविका चलाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित हो।

पटवारी ने कहा कि यदि भवन जर्जर हैं और सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें हटाना जरूरी है, तो प्रशासनिक कार्रवाई के साथ प्रभावित लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। सरकार की जिम्मेदारी है कि किसी भी परिवार को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के संकट में न छोड़ा जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूछा कि क्या गरीब परिवारों की समस्याओं और उनके आशियानों को लेकर सरकार की कोई जवाबदेही नहीं है? विकास और सुरक्षा के नाम पर कार्रवाई करते समय मानवीय पहलुओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और ऐसी कार्रवाई का विरोध करती है, जिसमें पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित न की गई हो। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक वैकल्पिक आवास, उचित मुआवजा और पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। पटवारी ने कहा कि गरीबों के लिए आवास की सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। लोगों को बेघर होने की स्थिति में छोड़कर विकास का दावा करना उचित नहीं है। कांग्रेस प्रभावित परिवारों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story