भोपाल के आईटी पार्क में खुले तार की चपेट में आने से माली की मौत

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के आईटी पार्क में खुले तार की चपेट में आने से माली की मौत


भोपाल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के गांधी नगर क्षेत्र स्थित आईटी पार्क में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में माली की करंट लगने से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है, जब वे गार्डन के एक कोने में गए थे और वहां पड़े खुले बिजली के तार की चपेट में आ गए।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मलखान सिंह (60) के रूप में हुई है, जो आईटी पार्क परिसर में माली का काम करते थे। बताया जा रहा है कि पौधों को पानी देने के बाद वे दीवार के सहारे एक कोने में पेशाब करने गए थे। उसी स्थान पर एक बिजली का तार टूटा हुआ और खुला पड़ा था। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आते ही उन्हें जोरदार झटका लगा और वे गंभीर रूप से झुलस गए। कुछ ही मिनट बाद एक साथी कर्मचारी की नजर उन पर पड़ी। वे जमीन पर झुलसी हुई अवस्था में पड़े थे। अन्य कर्मचारियों की मदद से उन्हें तत्काल हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। गांधी नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story