भोपाल में आईपीएस अधिकारी की बेटी ने किया सुसाइड, कमरे में फंदे पर मिली 17 वर्षीय छात्रा, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में आईपीएस अधिकारी की बेटी ने किया सुसाइड, कमरे में फंदे पर मिली 17 वर्षीय छात्रा, जांच में जुटी पुलिस


भोपाल, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वीआईपी इलाके चार इमली में मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की 17 वर्षीय बेटी अपने घर में फंदे पर लटकी मिली। घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है, जबकि बुधवार को मामले में पुलिस जांच और फॉरेंसिक पड़ताल तेज कर दी गई। हबीबगंज थाना क्षेत्र स्थित सरकारी आवास में हुई इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस के अनुसार छात्रा 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। प्रारंभिक जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, ऐसे में मौत के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है।

जानकारी के मुताबिक आईपीएस अधिकारी संजीव कुमार कंचन की 17 वर्षीय बेटी ने भोपाल में उनके सरकारी आवास में फांसी लगा ली। शहर में चार इमली स्थित आवास की दूसरी मंजिल पर कमरे में दुपट्टे से बने फांसी के फंदे पर उसका शव झूलता मिला। घटना के समय छात्रा घर में अकेली थी। पिता दफ्तर गए हुए थे, मां भी शासकीय कार्य से बाहर थीं, जबकि भाई घर से बाहर था। दोपहर में घरेलू कर्मचारी ने कमरे में छात्रा को दुपट्टे के फंदे से लटका देखा, जिसके बाद परिवार और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बता दें, मृतक नाबालिग लड़की के आईपीएस अधिकारी पिता पुलिस हेडक्वॉर्टर्स (पीएचक्यू) में असिस्टेंट इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एआईजी) पद पर पोस्टेड हैं, जबकि लड़की की मां रजिस्ट्रार गैस राहत के पद पर हैं।

मोबाइल, लैपटॉप और सोशल मीडिया की जांच

मामले की जांच कर रही पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर लिए हैं। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल, चैट हिस्ट्री और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थी और क्या किसी तरह के मानसिक दबाव या तनाव के संकेत मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में छात्रा के दोस्तों, सहेलियों और स्कूल के साथियों से भी बातचीत की जाएगी, ताकि उसके व्यवहार में हाल के समय में आए किसी बदलाव के बारे में जानकारी मिल सके।

सभी पहलुओं पर जांच

हबीबगंज थाने के एसएचओ संजीव चौकसे ने बताया कि छात्रा चार इमली में सरकारी बंगले में परिवार के साथ रहती थी और 11वीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस को परिजनों से सूचना मिली। पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की जांच कर रही है। उसने जिस कमरे में आत्महत्या की, वहां कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्रा की किताबों और सामान की भी जांच की गई, लेकिन यहां भी कुछ ऐसा नहीं मिला, जिससे आत्महत्या की वजह साफ हो पाए। ऐसे में सिर्फ आत्महत्या के एंगल से हम जांच नहीं कर रहे हैं। पुलिस इस घटना को हर संभावित एंगल से देख रही है, ताकि कदम उठाने की असली वजह साफ हो सके। पुलिस परिवार के सदस्यों से भी बातचीत कर रही है। हालांकि, परिजनों के डिटेल बयान अभी दर्ज नहीं किया जा सके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मामले की जांच हर संभावित एंगल से की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गाेद ली थी बेटी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आईपीएस संजीव कंचन की जिस नाबालिग बेटी ने जान दी उसे उन्हाेंने 16 साल पहले गोद लिया था। साथ ही, आईपीएस संजीव और उनकी पत्नी के बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे। दोनों में आए दिन जमकर विवाद होता था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि क्या बेटी माता-पिता के झगड़े से परेशान थी, जिसके चलते उसने तनाव में यह कदम उठा लिया। इसके अलावा दंपति का एक बेटा भी है जो मानसिक रूप से कमजोर है।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story