भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई, आदमपुर छावनी में 2 साइटों पर चला बुलडोजर
भोपाल, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को हुजूर तहसील क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। आदमपुर छावनी में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर जेसीबी चलाकर प्रवेश द्वार और शेड ढहा दिए गए, जबकि अंदर बनाई गई सड़कों को उखाड़ दिया गया।
प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि अवैध रूप से जमीन काटकर प्लॉटिंग करने वालों पर अब सिर्फ एफआईआर ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया के नेतृत्व में की गई। उनके साथ अतिरिक्त तहसीलदार वृत-2 अतुल शर्मा और राजस्व अमला मौके पर मौजूद रहा। अवकाश के दिन भी प्रशासनिक अमले की मौजूदगी ने कार्रवाई की गंभीरता को दर्शाया।
इन कॉलोनियों पर चला बुलडोजर
कृष्णा धाम कॉलोनी
आदमपुर छावनी स्थित इस कॉलोनी में खसरा क्रमांक 101/8, 146 और 153 की कुल 3.9714 हेक्टेयर भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। यहां बनाए गए गेट और अस्थायी निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
मां गायत्री धाम कॉलोनी
खसरा क्रमांक 83/1 की 1.9020 हेक्टेयर जमीन पर विकसित की जा रही इस कॉलोनी में भी बुलडोजर कार्रवाई की गई। यहां बनी सड़कों और अन्य ढांचों को तोड़ दिया गया।
अवैध कॉलोनाइजरों पर शिकंजा
जिला प्रशासन पहले ही अवैध कॉलोनियां काटने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। अब जमीन पर की जा रही इस तरह की कार्रवाइयों से साफ है कि बिना अनुमति प्लॉटिंग और कॉलोनी विकास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले उसकी वैधता और स्वीकृति की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी तरह की कानूनी परेशानी से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

