भोपाल: हनुमानगंज थाना परिसर में खड़े जब्त वाहनों में लगी आग, 6 वाहन जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: हनुमानगंज थाना परिसर में खड़े जब्त वाहनों में लगी आग, 6 वाहन जलकर खाक


भोपाल, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हनुमानगंज थाना परिसर में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। थाने में खड़े जब्त वाहनों में लगी इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।

घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की और साथ ही फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक आधा दर्जन से अधिक जब्त वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।

हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदोरिया के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह पास स्थित इलेक्ट्रिक पोल में हुए शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। इसी से उठी चिंगारी ने पास खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई है और स्थिति सामान्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story