भोपाल के हमीदिया अस्पताल में वॉर्ड बॉय की हड़ताल से बिगड़ी व्यवस्था, परिजन खुद धकेलते रहे व्हीलचेयर और स्ट्रेचर

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के हमीदिया अस्पताल में वॉर्ड बॉय की हड़ताल से बिगड़ी व्यवस्था, परिजन खुद धकेलते रहे व्हीलचेयर और स्ट्रेचर


भोपाल, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के हमीदिया अस्पताल में बुधवार सुबह वॉर्ड बॉय की अचानक हुई हड़ताल का सीधा असर मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ा। एक महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमरा गईं।

मरीजों को वार्ड से ओपीडी और जांच केंद्र तक ले जाने के लिए परिजनों को खुद व्हीलचेयर और स्ट्रेचर संभालना पड़ा। कई जगह ऑक्सीजन सिलेंडर और बेड भी लिफ्ट के बाहर ही पड़े नजर आए।

सुबह से अस्पताल में वॉर्ड बॉय नहीं होने के कारण मरीजों को एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक पहुंचाने में भारी परेशानी हुई। परिजनों का कहना था कि मदद के लिए कोई कर्मचारी उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते उन्हें मरीजों की देखभाल से लेकर उन्हें इधर-उधर ले जाने तक की पूरी जिम्मेदारी खुद निभानी पड़ी।

सुबह से कोई मदद करने नहीं आया

मेडिसिन विभाग में भर्ती एक मरीज के परिजन ने बताया कि सुबह से एक भी वॉर्ड बॉय नहीं मिला। मरीज को जांच और अन्य विभागों में ले जाने सहित सभी काम उन्हें खुद करने पड़े। उनका कहना था कि अस्पताल जैसी जगह पर इस तरह की स्थिति से मरीजों और परिजनों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ी।

मां को खुद व्हीलचेयर पर ओपीडी तक ले गया बेटा

इलाज के लिए अपनी मां को लेकर पहुंचे एक युवक ने बताया कि अस्पताल में कोई वॉर्ड बॉय नहीं मिलने के कारण वह खुद व्हीलचेयर चलाकर मां को ओपीडी तक ले गया। उसने कहा कि अस्पताल का रास्ता भी ठीक से नहीं पता था, जिससे मरीज को समय पर संबंधित विभाग तक पहुंचाने में कठिनाई हुई।

डॉक्टर और इंटर्न भी संभालते दिखे जिम्मेदारी

हड़ताल के दौरान अस्पताल के डॉक्टर और इंटर्न भी मरीजों की मदद करते नजर आए। कई जगह डॉक्टर स्वयं व्हीलचेयर चलाते दिखाई दिए। एक इंटर्न ने बताया कि वॉर्ड बॉय की अनुपस्थिति से मरीजों को शिफ्ट करने और अन्य व्यवस्थाओं पर स्पष्ट असर पड़ा, जिससे अस्पताल का नियमित कामकाज प्रभावित हुआ।

वेतन नहीं मिलने पर किया था काम बंद

वॉर्ड बॉय संगठन के अनुसार, पिछले एक महीने से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों ने बुधवार सुबह काम बंद कर हड़ताल शुरू की थी। हालांकि, प्रशासन से चर्चा के बाद दोपहर करीब एक बजे कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी। संगठन का कहना है कि उनकी मांग पर सहमति बन गई है और शाम तक वेतन जारी किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद सभी कर्मचारी वापस ड्यूटी पर लौट आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story