भोपाल में अतिथि शिक्षकों का बड़ा आंदोलन आज, स्थायी समाधान की मांग तेज

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में अतिथि शिक्षकों का बड़ा आंदोलन आज, स्थायी समाधान की मांग तेज


भोपाल, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज बुधवार काे अतिथि शिक्षकों का बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। प्रदेशभर के हजारों अतिथि शिक्षक अपने अधिकारों को लेकर एक बार फिर सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। स्कूल अतिथि शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले यह प्रदर्शन अंबेडकर पार्क में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा।

संगठन ने इस आंदोलन को “ऐतिहासिक” बनाने की रणनीति तैयार की है। उनका कहना है कि सरकार द्वारा किए गए वादे अब तक अधूरे हैं, जिससे शिक्षकों में गहरा असंतोष पनप रहा है। अब वे इस मुद्दे पर निर्णायक लड़ाई के मूड में हैं। संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों के अनुसार, वर्षों से सेवा दे रहे अतिथि शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान और उससे पहले किए गए बड़े वादों पर अब तक अमल नहीं हुआ, जिससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह परिहार ने कहा कि अतिथि शिक्षकों से जुड़े कई अहम वादे पहले किए गए थे, लेकिन उन्हें अब तक लागू नहीं किया गया। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले इस मुद्दे को राजनीतिक समर्थन मिला था, लेकिन अब वही नेता चुप हैं। संयुक्त मोर्चा के समन्वयक रामचंद्र नागर और बी.एम. खान ने डॉ. मोहन यादव से सीधे सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब वे विधायक थे, तब अतिथि शिक्षकों को संविदा शिक्षक बनाने की अनुशंसा की थी, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद इस दिशा में ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।

अतिथि शिक्षकों की प्रमुख मांगें

नियमितीकरण किया जाए

विभागीय परीक्षा आयोजित की जाए

वार्षिक अनुबंध लागू किया जाए

शिक्षक भर्ती में बोनस अंक दिए जाएं

“रोजगार ही नहीं, परिवारों का सवाल”

संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के.सी. पवार और तूफान शर्मा ने कहा कि वर्षों तक सेवा देने के बाद अतिथि शिक्षकों को बेरोजगार करना अन्याय है। उन्होंने सरकार से स्थायी रोजगार सुनिश्चित करने की मांग की, इसे केवल नौकरी का नहीं बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य का सवाल बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story