भोपालः मंत्री कृष्णा गौर ने किया 25 लाख लीटर की पानी की टंकी का भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः मंत्री कृष्णा गौर ने किया 25 लाख लीटर की पानी की टंकी का भूमिपूजन


भोपालः मंत्री कृष्णा गौर ने किया 25 लाख लीटर की पानी की टंकी का भूमिपूजन


- एक एकड़ में बने गौर चिल्ड्रन पार्क का किया लोकार्पण

भोपाल, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने बुधवार को भोपाल में गोविंदपुरा के रहवासियों को पानी की टंकी और पार्क जैसी महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने अवधपुरी के वार्ड-60 में 25 लाख लीटर क्षमता वाली विशाल पानी की टंकी का भूमि-पूजन किया। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस टंकी से करीब 2500 परिवारों को नर्मदा जल की नियमित आपूर्ति होगी।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने इस अवसर पर कहा कि सरकार का प्राथमिक उद्देश्य नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सुलभ कराना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार इस ओर सशक्त कदमों के साथ आगे बढ़ रही है।

राज्यमंत्री कृषणा गौर ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर की स्मृति में निर्मित “गौर चिल्ड्रन पार्क” का लोकार्पण भी किया। लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क में ओपन जिम, मंदिर, पेवर ब्लॉक पथ सहित कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि यह पार्क न केवल बच्चों के मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी सहायक होगा। उन्होंने नागरिकों से इन सुविधाओं का संरक्षण करने और सामुदायिक संपत्ति के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में पार्षद वी. शक्ति राव, सुरेंद्र घोटे, गणेश राम नागर, संजय शिवनानी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने अरविंद विहार सेतु से बाग मुगालिया एक्सटेंशन तक प्रस्तावित 5 किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण भी किया। यह सड़क 10 से 15 कॉलोनियों को जोड़ेगी, जिससे यातायात सुगम होगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सुधार आएगा। कृष्णा गौर ने निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story