भोपाल में देर रात आग से हड़कंप, लक्ष्मी टॉकीज इलाके में फल के ठेले जलकर खाक, अफरा-तफरी मची
भोपाल, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पुराने शहर स्थित लक्ष्मी टॉकीज इलाके में शुक्रवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग सराए परिसर में खड़े फल-फ्रूट से भरे ठेलों में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। ऊंची लपटें उठती देख इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।
लक्ष्मी टॉकीज स्थित जिस सराए में आग लगी, वहीं विधायक आतिफ अकील का निवास भी है। घटना की सूचना मिलते ही उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आतिफ अकील मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गए। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल वाहन पहुंचने से पहले ही आसपास मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए थे। आगजनी में सराए में रखे कई फल के ठेले जलकर खाक हो गए। इस दौरान ठेलों के टायर फटने से हालात और भयावह हो गए। लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए ठेलों को बाहर निकालना शुरू किया, जिसमें कुछ लोगों के हाथ भी झुलस गए।
घटनास्थल के पास कई वाहन भी खड़े थे। आग बढ़ने पर बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत गाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर हटाया। बाद में दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग की घटना के बाद पूरे पुराने भोपाल क्षेत्र में देर रात तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

