भोपाल : तेंदुए की मौजूदगी के चलते बंद ईको लॉजिकल पार्क सुबह 7 से 10 बजे तक खुलेगा, रहवासियों और वन विभाग में बनी सहमति

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल : तेंदुए की मौजूदगी के चलते बंद ईको लॉजिकल पार्क सुबह 7 से 10 बजे तक खुलेगा, रहवासियों और वन विभाग में बनी सहमति


भोपाल, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बाग मुगालिया स्थित ईको लॉजिकल पार्क को लेकर वन विभाग और रहवासियों के बीच सहमति बन गई है। अब पार्क सुबह सात से 10 बजे तक सैर के लिए खोला जाएगा। हालांकि, सुरक्षा कारणों से शाम की सैर पर रोक जारी रहेगी। पार्क में तेंदुए की मौजूदगी के बाद वन विभाग ने लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके विरोध में रहवासियों ने 24 नवंबर को आंदोलन की तैयारी की थी।

प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले शुक्रवार सुबह वन विभाग के अधिकारियों और रहवासियों के बीच बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि पार्क को सुबह तीन घंटे के लिए खोला जाएगा। लोग अकेले घूमने के बजाय समूह में सैर करेंगे। साथ ही, वन विभाग की ओर से प्रतिबंधित घोषित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। अधिकारियों की ओर से रखी गई इन शर्तों पर रहवासियों ने सहमति जताई।

बैठक के बाद आंदोलन टालने की बनी सहमति

वन विभाग की ओर से रेंजर दीपक श्रीवास्तव और डिप्टी रेंजर कुलदीप शर्मा बैठक में शामिल हुए। वहीं, बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी सहित डॉ. बीएमएस परमार, आरके यादव, उदयभान सिंह, मधुर शुक्ला, राजेश राजपूत, हुकुमचंद्र अमकरे, चंद्रभान कावड़कर, सत्यनारायण मालवीय, ओपी पाल, राघवेंद्र श्रोत्रिय, मुन्नालाल कुशवाह और किशोर राजपूत सहित अन्य रहवासी मौजूद रहे। बैठक में सुबह सात से 10 बजे तक पार्क खोलने और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने पर सहमति बनी। इसके बाद 24 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन की जरूरत नहीं रह गई।

‘इकोलॉजिकल पार्क चलो, पार्क खुलवाओ’ के नाम से होना था प्रदर्शन

पार्क में प्रवेश पर रोक लगाए जाने से स्थानीय रहवासी नाराज थे। उनका कहना था कि सुबह की सैर और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए पार्क महत्वपूर्ण है। लंबे समय से लगी रोक के विरोध में रहवासियों ने 24 नवंबर को ‘इकोलॉजिकल पार्क चलो, पार्क खुलवाओ’ के नाम से प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। हालांकि, वन विभाग के साथ बातचीत के बाद पार्क को सीमित समय के लिए खोलने पर सहमति बन गई।

9 नवंबर को तेंदुए के शावक ने किशोर पर किया था हमला

पार्क बंद करने की वजह नाै नवंबर को हुई घटना है। ईको लॉजिकल पार्क के पीछे बायपास के पास तेंदुए के एक शावक ने 16 वर्षीय कार्तिकेय पर हमला कर दिया था। किशोर को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया था। उसके सीने पर पंजों के चार घाव आए थे, जबकि हाथ में भी चोट लगी थी। इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, किशोर बैरिकेडिंग पार कर जंगल के प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गया था। इसी दौरान उसका सामना तेंदुए से हो गया। घबराहट में वह वहीं रुक गया और तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद वन विभाग ने एहतियात के तौर पर पार्क में लोगों की आवाजाही बंद कर दी थी।

450 हेक्टेयर में फैला है लहारपुर का क्षेत्र

लहारपुर का पूरा क्षेत्र करीब 450 हेक्टेयर में फैला है। इसमें लगभग 25 हेक्टेयर हिस्सा ऐसा है, जहां लोग नियमित रूप से सुबह की सैर और अन्य गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। वन विभाग ने इस हिस्से को सुरक्षित रखते हुए लोगों की आवाजाही की अनुमति देने पर सहमति जताई है। वहीं, जंगल के संवेदनशील और प्रतिबंधित हिस्सों में प्रवेश पर रोक रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780279 Articles

Share this story