भोपाल के ईको लॉजिकल पार्क में मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक पर रोक, रहवासियों ने उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के ईको लॉजिकल पार्क में मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक पर रोक, रहवासियों ने उठाए सवाल


भोपाल के ईको लॉजिकल पार्क में मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक पर रोक, रहवासियों ने उठाए सवाल


भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बाग मुगालिया क्षेत्र स्थित ईको लॉजिकल पार्क में मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक पर एक बार फिर रोक लगा दी गई है। सोमवार को सुबह और शाम दोनों समय लोगों को पार्क में घूमने की अनुमति नहीं दी गई। इससे स्थानीय रहवासियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पार्क के सुरक्षित हिस्से में लोगों को घूमने की अनुमति दी जानी चाहिए और पूरे क्षेत्र में आवाजाही बंद करने के बजाय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।

दरअसल, ईको लॉजिकल पार्क के पीछे बायपास के पास एक सप्ताह पहले 16 वर्षीय बालक कार्तिकेय पर तेंदुए के शावक ने हमला कर दिया था। हमले में किशोर के सीने पर पंजों के चार निशान आए, जबकि हाथ पर भी चोट लगी। उसे उपचार के लिए एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया गया कि किशोर बैरिकेडिंग पार कर प्रतिबंधित वन क्षेत्र में पहुंच गया था। इसी दौरान उसका सामना तेंदुए से हो गया। घबराकर किशोर वहीं रुक गया, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। खुद को बचाने के प्रयास में उसके हाथ पर भी पंजा लग गया।

रहवासियों ने तेंदुए की मौजूदगी पर उठाए सवाल

घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और सर्चिंग बढ़ा दी है। हालांकि, स्थानीय रहवासी तेंदुए की मौजूदगी को लेकर सवाल उठा रहे हैं। बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी का कहना है कि वन विभाग की टीम पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में सर्चिंग कर रही है, लेकिन अब तक तेंदुआ न तो दिखाई दिया है और न ही ट्रैप कैमरे में कैद हुआ है। उनका कहना है कि पार्क में मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक पर रोक लगाने से नियमित रूप से आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। वन विभाग को सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करते हुए पार्क के चिह्नित सुरक्षित हिस्से में लोगों को घूमने की अनुमति देनी चाहिए।

450 हेक्टेयर में फैला है वन क्षेत्र

डीएफओ लोकप्रिय भारती के अनुसार, लहारपुर का वन क्षेत्र करीब 450 हेक्टेयर में फैला है। इसमें से लगभग 25 हेक्टेयर क्षेत्र में लोग मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक के लिए आते हैं। इस हिस्से को सुरक्षित रखा गया है और लोगों को प्रतिबंधित वन क्षेत्र में जाने से रोका जाता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में वन विभाग की टीम तैनात की गई है। संभावित वन्यजीव की गतिविधियों का पता लगाने के लिए ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं। विभाग की ओर से निगरानी जारी है, ताकि वन्यजीव की मौजूदगी और उसकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story