भोपाल : सीएम हाउस के पास डाक्टर को बाइक सवार बदमाशों ने मारी टक्कर, कीमती सामान लूटकर हुए फरार

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल : सीएम हाउस के पास डाक्टर को बाइक सवार बदमाशों ने मारी टक्कर, कीमती सामान लूटकर हुए फरार


भोपाल, 10 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास के पास शुक्रवार सुबह लूट की वारदात सामने आयी है। साइक्लिंग कर रहे एक डॉक्टर को बाइक सवार बदमाशों ने टक्कर मारकर गिरा दिया और उनसे कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घटना में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

टीआई भूपेंद्र कौल संधू के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय डॉक्टर मनोज वर्मा सुबह करीब 10 बजे साइक्लिंग कर रहे थे। किलोल पार्क से दानिश आइसक्रीम पार्लर के बीच दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने पीछे से आकर उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। डॉक्टर के गिरते ही आरोपी बाइक से उतरे और उनकी आंखों में मिर्च झोंक दी। इसके बाद बदमाशों ने उनके हाथ में पहना करीब 11 तोला सोने का कड़ा, स्मार्टवॉच और पर्स लूट लिया, जिसमें करीब ढाई हजार रुपये नकद थे। घटना के दौरान एक आरोपी के पास चाकू भी था और उसने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। वहीं, घटना में डॉक्टर के कूल्हे की हड्डी टूट गई है। उनका इलाज जेपी अस्पताल में चल रहा है।

पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने पहले इलाके की रेकी की थी और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story