भोपाल में पीजी डॉक्टर ने पूर्व प्रेमिका पर की फायरिंग, कनपटी छूकर निकली गोली

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में पीजी डॉक्टर ने पूर्व प्रेमिका पर की फायरिंग, कनपटी छूकर निकली गोली


भोपाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी भोपाल के गांधी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक पीजी डॉक्टर ने अपनी पूर्व प्रेमिका महिला डॉक्टर और उसके कजिन भाई पर फायरिंग कर दी। घटना में दोनों घायल हो गए। महिला डॉक्टर की कनपटी को छूते हुए गोली निकल गई, जबकि उसके कजिन भाई को भी चोट लगी है। वारदात के बाद आरोपित डॉक्टर ने खुद भी फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद दोस्तों ने उसे समय रहते नीचे उतार लिया। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना गांधी नगर थाना क्षेत्र के पतंजलि परिसर की है। गांधी नगर थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी के मुताबिक, 27 वर्षीय महिला डॉक्टर श्वेता ठाकुर मूल रूप से गुजरात की रहने वाली हैं। वह भोपाल के पतंजलि परिसर में रहकर एमडी की पढ़ाई कर रही हैं। श्वेता तीन दिन पहले अपने कजिन अभिषेक ठाकुर के साथ गुजरात से भोपाल लौटी थीं। पुलिस के अनुसार, पीजी डॉक्टर नवीन और श्वेता पहले रिलेशनशिप में रह चुके हैं। बाद में दोनों अलग हो गए थे। नवीन को शक था कि श्वेता ने किसी युवक से सगाई कर ली है। इससे वह नाराज था।

आराेपित इसी बात काे लेकर बार- बार महिला डाॅक्टर के ऊपर अपने साथ रहने के लिए दबाव बना रहा था। मंगलवार देर रात में भी जब युवती अपने दोस्तों के साथ खाना खाकर लौटी थी, तभी आरोपी डॉक्टर उसके फ्लैट पर पहुंचा और इस दौरान बातचीत हुई, जो देखते ही देखते बहस में बदल गई। इसके बाद जब युवती ने आरोपी नवीन से बात करने से इंकार कर दिया, तो उसने तुरंत ही फायर कर दिया। एयरगन के छर्रे महिला डाॅक्टर और उसके कजिन भाई काे लगे, जिससे दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी नवीन ने घबराकर पास ही फांसी का फंदा बनाकर जान देने की कोशिश की लेकिन दोस्तों की मुस्तैदी से तीनों की जान बच गई है। अभी तीनों का ही अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी डॉक्टर नवीन राजगढ़ का रहने वाला है। तीनों ही आरकेडीएफ मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट हैं।

घटना की सूचना मिलते ही गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने फ्लैट (L25/5) को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे एकतरफा प्रेम प्रसंग और उससे जुड़े विवाद के तौर पर देख रही है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story