भोपाल: 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस के सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ ने किया मुख्यमंत्री निवास का घेराव

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस के सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ ने किया मुख्यमंत्री निवास का घेराव


सफाई कर्मियों की समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

भोपाल, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ ने शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष जयराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सफाई कर्मियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर को सौंपा गया।

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा सहित प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक के दौरान वाल्मीकि समाज के युवा नेता इंजीनियर ऋषभ राज चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके सामाजिक योगदान को याद किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार सफाई कर्मियों और दलित समाज की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सफाई कर्मियों और वाल्मीकि समाज के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी तथा सत्ता में आने पर उनकी मांगों पर प्राथमिकता से विचार करेगी।

पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि वाल्मीकि समाज का कांग्रेस से लंबे समय से जुड़ाव रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार सफाई कर्मियों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है और उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं कर रही है।

प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जयराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि नगरीय निकायों और निजी क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मियों का आर्थिक, शारीरिक और मानसिक शोषण हो रहा है तथा उनके अधिकारों की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर प्रदेशभर से आए सफाई कर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से नगरीय निकायों में ठेका प्रथा समाप्त करने, लंबे समय से कार्यरत अस्थायी, संविदा एवं विनियमित कर्मचारियों को नियमित करने, सफाई कर्मियों के लिए एक लाख नए पद सृजित करने, आरक्षित वर्ग के पात्र कर्मचारियों को लाभ सुनिश्चित करने, सफाई कर्मियों के लिए पृथक आरक्षण का प्रावधान करने, अस्वच्छ कार्य करने वाले कर्मचारियों को विशेष भत्ता देने तथा सीवर सफाई के दौरान मृत्यु होने पर परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, पुनर्वास और सम्मानजनक दर्जा प्रदान करने सहित 11 मांगें शामिल हैं। प्रदर्शन में प्रदेशभर से सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में सफाई कर्मी शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story