भोपाल कलेक्टोरेट में प्रशासनिक फेरबदल, निधि चौकसे बनीं एमपी नगर एसडीएम

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल कलेक्टोरेट में प्रशासनिक फेरबदल, निधि चौकसे बनीं एमपी नगर एसडीएम


भोपाल, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल कलेक्टोरेट में प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार को जारी आदेश में डिप्टी कलेक्टर निधि चौकसे को एमपी नगर वृत्त का अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) नियुक्त किया है। लंबे समय से कलेक्टोरेट में विभिन्न प्रशासनिक दायित्व संभाल रहीं चौकसे को पहली बार एसडीएम का दायित्व सौंपा गया है।

एमपी नगर एसडीएम का पद संयुक्त कलेक्टर एल.के. खरे के अपर कलेक्टर पद पर पदोन्नत होने और रिलीव होने के बाद रिक्त था। अब इस पद पर निधि चौकसे की नियुक्ति की गई है। उनके अधिकार क्षेत्र में एमपी नगर, हरिजन कल्याण, अवधपुरी, बाग सेवनिया, क्राइम ब्रांच, अजाक्स, महिला थाना तथा जीआरपी थाना क्षेत्र शामिल रहेंगे।

इसी आदेश के तहत संयुक्त कलेक्टर एवं बैरागढ़ वृत्त के एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव को कई महत्वपूर्ण शाखाओं का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इनमें भू-संसाधन प्रबंधन, राहत एवं आपदा प्रबंधन, नजूल, आरआरसी, वक्फ संबंधी कार्य, भूमि अर्जन एवं मेट्रो परियोजना से जुड़े मामले तथा भूमि आवंटन शाखा शामिल हैं।

डिप्टी कलेक्टर लाखन चौधरी को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन, टीएल बैठक, जनसुनवाई, लोक सेवा प्रबंधन तथा सामान्य शिकायत शाखा का दायित्व सौंपा गया है।

वहीं, डिप्टी कलेक्टर एवं शहर वृत्त के एसडीएम दीपक पांडेय को उप जिला निर्वाचन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही वे जनगणना संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

कलेक्टर द्वारा जारी इस आदेश के बाद कलेक्टोरेट में विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं और दायित्वों का पुनर्गठन किया गया है, जिससे विभागीय कार्यों के बेहतर समन्वय और त्वरित निष्पादन की अपेक्षा की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story