भोपालः कलेक्टर ने किया बैरसिया का दौरा, फार्मर रजिस्ट्री, पराली प्रबंधन और बसई तालाब संरक्षण पर दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः कलेक्टर ने किया बैरसिया का दौरा, फार्मर रजिस्ट्री, पराली प्रबंधन और बसई तालाब संरक्षण पर दिए निर्देश


भोपाल, 27 फरवरी (हि.स.)। भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को बैरसिया अनुभाग के दौरे के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय एवं तहसील कार्यालय बैरसिया के कार्यों का निरीक्षण किया तथा विभिन्न प्रशासनिक एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसीलदार बैरसिया को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इसके लिए ग्राम-वार कार्यक्रम बनाकर पटवारियों को सक्रिय किया जाए और लक्ष्य की शीघ्र शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार को निर्देश दिए कि रबी फसल की कटाई के बाद कृषि विभाग के कर्मचारियों के साथ गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक किया जाए और पराली न जलाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है तथा मिट्टी की उर्वरक क्षमता भी प्रभावित होती है।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन से संबंधित प्रकरणों का समयसीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बैरसिया तहसील का निराकरण औसत राज्य औसत से कम नहीं होना चाहिए। दौरे के दौरान कलेक्टर ने नगर पालिका बैरसिया के कार्यों की भी समीक्षा की। प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने जानकारी दी कि नगर में अमृत 2.0 एवं कायाकल्प योजना के अंतर्गत विकास कार्य जारी हैं।

कलेक्टर ने बसई तालाब के पास स्थित माड़ा इमली क्षेत्र तथा बसई तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बसई तालाब की जल ग्रहण क्षमता बढ़ाने के प्रयास किए जाएं तथा जलग्रहण क्षेत्र में यदि अतिक्रमण हो तो उसे हटाया जाए, ताकि वर्षा ऋतु में तालाब अपनी पूर्ण क्षमता के अनुरूप जल संचय कर सके। कलेक्टर ने माड़ा इमली वृक्ष क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण कर इसे जन-सुविधाओं से युक्त विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान कलेक्टर ने एसडीएम कार्यालय के सामने विकसित एवं संधारित उपवन का निरीक्षण कर अनुविभागीय अधिकारी बैरसिया द्वारा किए गए इस कार्य की सराहना की। यह दौरा प्रशासनिक कार्यों की गति बढ़ाने,पर्यावरण संरक्षण तथा जन-सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story