सभी एसडीएम नियमित रूप से करें उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण : कलेक्टर मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
सभी एसडीएम नियमित रूप से करें उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण : कलेक्टर मिश्रा


- सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में लापरवाही पर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस

- कलेक्टर मिश्रा ने की समय-सीमा पत्रों की समीक्षा

भोपाल, 31 अगस्त (हि.स.) । भोपाल जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र की शासकीय उचित मूल्य दुकानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों की सुविधा और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जरूरत के अनुसार उचित मूल्य दुकानों के स्थान परिवर्तन की कार्रवाई भी की जाए।

यह निर्देश कलेक्टर मिश्रा ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला शिक्षा अधिकारी को आपसी समन्वय से आंगनवाड़ी केंद्रों को निकटवर्ती स्कूलों में सह-स्थापित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने पर कोलार तहसील के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीएम हेल्पलाइन की कोई भी शिकायत बिना कार्रवाई के लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी अधिकारी शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का आगामी शिविर नगर पालिका परिषद बैरसिया में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ‘उद्यम संवाद’ के लिए स्थानीय व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों से समन्वय कर व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं, सुझावों तथा उपलब्धियों पर चर्चा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में एडीएम सुमित पांडे, पी.सी. शाक्य, प्रकाश नायक, महेंद्र कवचे सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story