भोपाल के चौक बाजार में कपड़ा शोरूम में आग, दमकल पहुंचने में 40 मिनट की देरी, व्यापारियों ने बुझाई लपटें

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के चौक बाजार में कपड़ा शोरूम में आग, दमकल पहुंचने में 40 मिनट की देरी, व्यापारियों ने बुझाई लपटें


भोपाल, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के व्यस्त चौक बाजार स्थित एक कपड़ा शोरूम में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान से धुआं उठता देख आसपास के व्यापारियों और लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल को सूचना दी गई, लेकिन संकरे रास्ते, वन-वे व्यवस्था और बेरिकेडिंग के कारण फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में करीब 40 से 50 मिनट लग गए। तब तक स्थानीय व्यापारियों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था।

जानकारी के अनुसार, चौक बाजार स्थित नेमा डिजाइनर स्टूडियो में दोपहर के समय आग लगी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। शोरूम में दुल्हन के लहंगे सहित महंगे परिधानों का बड़ा स्टॉक रखा था। आग से लाखों रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान है।

बेरिकेडिंग और संकरे रास्ते बने बाधा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोती मस्जिद के पास ट्रैफिक व्यवस्था के तहत वन-वे लागू होने और बेरिकेडिंग लगे होने के कारण दमकल वाहन सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। उसे लंबा रास्ता लेकर आना पड़ा। वहीं, चौक बाजार की संकरी गलियों और रास्ते में खड़े दोपहिया वाहनों ने भी दमकल की गति धीमी कर दी, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ। इस देरी को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने आग पर काबू नहीं पाया होता तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी। बाजार में दुकानें एक-दूसरे से सटी होने के कारण बड़ा अग्निकांड होने की आशंका थी। समय रहते आग पर नियंत्रण मिलने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना के बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पूरी तरह आग बुझाने के बाद क्षेत्र को सुरक्षित घोषित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story