भोपाल जा रही यात्री बस सड़क से उतरी, छिंदवाड़ा के झिर्री घाट के पास हादसा, 14 यात्री घायल
छिंदवाड़ा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में बालाघाट-सिवनी से भोपाल जा रही एक यात्री बस शनिवार अलसुबह छिंदवाड़ा जिले के दमुआ क्षेत्र में झिर्री घाट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और एक पोल से टकरा गई। हादसे के समय बस में 17 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में 14 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई थी, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद लोगों ने निजी और अन्य उपलब्ध वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और समय पर सहायता मिलने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बस किस वजह से अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, घायलों की स्थिति और उपचार को लेकर भी जानकारी एकत्र की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

