भोपाल सेंट्रल जेल में बंद छात्र की ईलाज के दाैरान मौत, परिजनों नेे लगाया लापरवाही का आराेप, मॉर्चरी के बाहर हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल सेंट्रल जेल में बंद छात्र की ईलाज के दाैरान मौत, परिजनों नेे लगाया लापरवाही का आराेप, मॉर्चरी के बाहर हंगामा


भोपाल सेंट्रल जेल में बंद छात्र की ईलाज के दाैरान मौत, परिजनों नेे लगाया लापरवाही का आराेप, मॉर्चरी के बाहर हंगामा


भोपाल, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सेंट्रल जेल में बंद छात्र हर्षित राजपूत की गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत के बाद जेल की चिकित्सा व्यवस्था और इलाज में कथित लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि हर्षित करीब दो महीने से बीमार था। उसकी हालत बिगड़ने के बावजूद जेल प्रशासन ने समय पर अस्पताल में भर्ती नहीं कराया। परिवार ने कई बार लिखित आवेदन देकर इलाज की मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में देरी से नाराज परिजनों ने हमीदिया अस्पताल की मॉर्चुरी के बाहर हंगामा किया और पुलिस व जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। उसके चाचा भरत सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि जेल में डॉक्टर इलाज के लिए पैसे मांगते थे। दूसरी ओर, जेल अधीक्षक का कहना है कि हर्षित का लगातार उपचार कराया जा रहा था। न्यायिक अभिरक्षा में मौत होने के कारण मामले की न्यायिक जांच कराई जाएगी।

मारपीट के मामले में सितंबर से जेल में बंद था छात्र

ईश्वर नगर निवासी 21 वर्षीय हर्षित राजपूत बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने उसे मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे भोपाल सेंट्रल जेल भेज दिया गया। परिजनों के मुताबिक, जेल में रहने के दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। वह निमोनिया से पीड़ित था और परिवार को उसकी सेहत को लेकर चिंता थी। परिवार का आरोप है कि हर्षित को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए जेल प्रशासन को कई बार लिखित आवेदन दिए गए, लेकिन समय पर उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिली। परिजनों का यह भी दावा है कि जेल प्रशासन ने न्यायालय को उसकी तबीयत ठीक होने की जानकारी दी थी।

चाचा का आरोप- डॉक्टर इलाज के लिए मांगते थे पैसे

हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने जेल की चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले वे हर्षित से मिलने जेल गए थे। उस समय उसकी हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। इलाज के बारे में पूछने पर हर्षित ने बताया था कि जेल के डॉक्टर उपचार के लिए पैसे मांगते हैं। चाचा के मुताबिक, हर्षित ने यह भी बताया था कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर उसकी परेशानी को गंभीरता से लेने के बजाय उसे रोज ड्रामा करने की बात कहकर टाल देते थे। उसे डर था कि शिकायत करने पर जेल में उसकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

हालत बिगड़ने पर हमीदिया में कराया भर्ती, वेंटिलेटर पर भी लगी थीं बेड़ियां

परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम को हर्षित की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उसे वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन गुरुवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि वेंटिलेटर पर रहने के दौरान भी उसके पैरों में बेड़ियां लगी हुई थीं। इस स्थिति को लेकर भी परिवार ने नाराजगी जताई है।

मृतक के पड़ोसी और करणी सेना के संभाग अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौहान ने भी जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि परिवार की ओर से लगातार इलाज की मांग की जा रही थी, इसके बावजूद समय पर अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया।

पोस्टमॉर्टम में देरी पर हंगामा, शव रखकर प्रदर्शन की चेतावनी

शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में देरी होने से नाराज परिजनों ने मॉर्चुरी के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जेल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। राजपूत समाज की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो शव रखकर प्रदर्शन किया जाएगा। हर्षित के परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई और बहन हैं। उसके पिता गोदाम में काम करते हैं। जवान बेटे की मौत से परिवार सदमे में है।

जेल अधीक्षक बोले- उल्टी-दस्त की थी शिकायत, चल रहा था उपचार

जेल अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि हर्षित को जेल में उल्टी-दस्त की शिकायत थी। उसका लगातार उपचार कराया जा रहा था और न्यायालय को भी उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि न्यायिक अभिरक्षा में मौत होने के कारण यह कस्टोडियल डेथ का मामला है। नियमानुसार इसकी न्यायिक जांच कराई जाएगी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और न्यायिक जांच के जरिए मौत के कारणों, जेल में उपलब्ध कराए गए उपचार और अस्पताल पहुंचाने में हुई संभावित देरी की पड़ताल की जाएगी। जांच में परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पुष्टि की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780279 Articles

Share this story