भोपाल में सपोर्ट वायर पर अटकी कार, सोशल मीडिया पर 'स्टंट' की चर्चा, पुलिस ने बताया सड़क हादसा

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में सपोर्ट वायर पर अटकी कार, सोशल मीडिया पर 'स्टंट' की चर्चा, पुलिस ने बताया सड़क हादसा


भोपाल, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में शनिवार सुबह एक कार के बिजली के खंभे के सपोर्ट वायर पर अटक जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो के साथ इसे लेकर कई तरह के दावे किए गए। किसी ने इसे रील बनाने का स्टंट बताया तो किसी ने बड़ी लापरवाही का मामला बताया। हालांकि पुलिस ने इन सभी दावों को खारिज करते हुए इसे महज सड़क हादसा बताया है।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे आनंद नगर स्थित आकाशवाणी कार्यालय के सामने हुई। एसआई संतोष रघुवंशी ने बताया कि कार चालक भोपाल से रायसेन की ओर जा रहा था। इसी दौरान बगल से गुजर रहे एक अन्य वाहन से बचने के प्रयास में चालक ने कार का संतुलन खो दिया और वाहन पहले डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद चालक का पैर अनजाने में एक्सेलरेटर पर अधिक दब गया, जिससे कार अचानक तेज रफ्तार से आगे बढ़ी और सड़क किनारे बिजली के खंभे को सहारा देने के लिए लगाए गए डबल स्टील सपोर्ट वायर पर चढ़ गई। वायर मजबूत होने के कारण वह टूटा नहीं और कार उसी पर अटक गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। एसआई संतोष रघुवंशी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 'रील बनाने के स्टंट' संबंधी दावे पूरी तरह भ्रामक हैं। चालक पूरी तरह स्वस्थ था और हादसा किसी तरह की स्टंटबाजी का परिणाम नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना थी। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक सुरक्षित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story