भोपाल: रचना टॉवर के बेसमेंट में कार में लगी आग, ईवी टू-व्हीलर से फैली आग, दमकल ने पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: रचना टॉवर के बेसमेंट में कार में लगी आग, ईवी टू-व्हीलर से फैली आग, दमकल ने पाया काबू


भोपाल, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रचना नगर स्थित रचना टॉवर के बेसमेंट में सोमवार दोपहर को पार्किंग में खड़े दो वाहनों में अचानक आग लग गई। आग लगने से पूरी मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में गहरा धुआं भर गया, जिससे रहवासियों में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। रचना टॉवर के बेसमेंट में एक इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर को चार्जिंग पर लगाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट या बैटरी ओवरहीट होने की वजह से अचानक उसमें आग भड़क गई। जिस वक्त इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर में आग लगी, उसके ठीक पास कई अन्य गाड़ियां भी पार्क थीं। टू-व्हीलर से उठीं तेज लपटों ने तुरंत ही पास में खड़ी एक एसयूवी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही पूरी बिल्डिंग में काले धुएं का गुबार भर गया। कई परिवारों के रहने के कारण लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआत में कुछ स्थानीय लोगों और रहवासियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आग से उठने वाला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। हादसे की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे वह बेसमेंट में खड़ी अन्य गाड़ियों और बिल्डिंग के ऊपरी हिस्सों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story