भोपालः कलियासोत को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम

- कॉलेज छात्रों ने वन विभाग और नगर निगम के साथ चलाया स्वच्छता अभियान
भोपाल, 05 अप्रैल (हि.स.)। भोपाल में पर्यावरण संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। वन विभाग, तिंसा फाउंडेशन और नगर निगम ने मिलकर शनिवार को जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू किया है। इस अभियान का लक्ष्य कलियासोत को पॉलीथीन से मुक्त करना है। शहर के विभिन्न कॉलेजों के छात्र स्वेच्छा से इस अभियान में जुटे हैं। नगर निगम के कर्मचारी और वन विभाग का फ्रंटलाइन स्टाफ भी इस अभियान में सक्रिय है। यह कदम शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार और भोपाल की सुंदरता को बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
उप वन मंडलाधिकारी धीरज सिंह चौहान के अनुसार कलियासोत डैम क्षेत्र एक बाघ भ्रमण क्षेत्र है। यह इलाका प्राकृतिक संपदा से समृद्ध है। स्थानीय लोग इसे भोपाल की ऑक्सीजन बेल्ट कहते हैं। यह अभियान क्षेत्र के इकोसिस्टम और शहर के पर्यावरण को स्वच्छ रखने में मदद करेगा। अभियान में नगर निगम अपर आयुक्त देवेंद्र चौहान, बीएनएस कॉलेज के डायरेक्टर विपिन धोटे, उप वन मंडलाधिकारी धीरज सिंह चौहान और वन परिक्षेत्राधिकारी शिवपाल पिपर्दे सहित वन विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर