भोपाल में अवैध दो मंजिला भवन पर चला बुलडोजर, बावड़ियाकलां के सुभालय विहार में निगम की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में अवैध दो मंजिला भवन पर चला बुलडोजर, बावड़ियाकलां के सुभालय विहार में निगम की कार्रवाई


भोपाल, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के बावड़ियाकलां स्थित सुभालय विहार में शुक्रवार को नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मंजिला (जी+1) भवन के अवैध हिस्से को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान निगम का अमला और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

नगर निगम के अनुसार, गौरव गृह निर्माण सहकारी समिति के सुभालय परिसर स्थित मकान क्रमांक बी-93 पर यह कार्रवाई की गई। मूल भूखंड का क्षेत्रफल 1312 वर्गमीटर है, जबकि लगभग 900 वर्गमीटर क्षेत्र में जी+1 भवन का निर्माण कर लिया गया था। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी) के स्वीकृत ले-आउट में यह भूखंड एकल भूखंड के रूप में दर्ज है, लेकिन नियमों का उल्लंघन कर निर्माण किया गया।

अनधिकृत प्लॉटिंग और विक्रय का मामला

जांच में सामने आया कि मूल भूखंड का अनधिकृत रूप से उपविभाजन कर सहकारी समिति के भूखंडों का अवैध विक्रय किया गया। इसके बाद स्वीकृत ले-आउट के विपरीत निर्माण कराया गया। इसी आधार पर नगर निगम ने नियमानुसार जी+1 भवन के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की।

नियमों का पालन करने की अपील

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद-फरोख्त अथवा निर्माण कार्य से पहले स्वीकृत ले-आउट, भवन अनुज्ञा और संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियों का सत्यापन अवश्य करें। निगम ने चेतावनी दी है कि अवैध प्लॉटिंग और नियमों के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story