भोपाल के बरखेड़ा पठानी में पानी संकट पर उग्र प्रदर्शन, वार्ड ऑफिस के बाहर फोड़े मटके

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के बरखेड़ा पठानी में पानी संकट पर उग्र प्रदर्शन, वार्ड ऑफिस के बाहर फोड़े मटके


एक महीने से जल संकट से नाराज़ लोगों ने जताया विरोध, नियमित जलापूर्ति की मांग तेज

भोपाल, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बरखेड़ा पठानी क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश देखने को मिला। नगर निगम वार्ड-56 कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में रहवासियों ने खाली मटके फोड़कर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।

यह विरोध प्रदर्शन साकेत नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील प्रजापति के साथ कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में लगातार जलसंकट और अनियमित आपूर्ति को लेकर नाराज़गी जताई और तत्काल समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान सुशील प्रजापति ने कहा कि बरखेड़ा पठानी क्षेत्र के लोग पिछले लगभग एक महीने से गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। स्थानीय रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में स्थित पेयजल टंकी में नियमित रूप से पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिससे लोगों को बेहद कम मात्रा में जल मिल पा रहा है। कई परिवारों को दिनभर में दो बाल्टी पानी तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन में हरिराम प्रजापति, दीपक गुप्ता, केबी सिंह, राम बहादुर कुशवाह, आर. भलोट, वीरू लाहारी, ललिता प्रजापति, उपजेंद्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में शीघ्र नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story