भोपाल के बरकतउल्ला विवि में फिर बदला नेतृत्व, प्रभारी कुलगुरु का इस्तीफा मंजूर, एसीएस अनुपम राजन को अतिरिक्त प्रभार
राजभवन का आदेश जारी, नियमित कुलगुरु की नियुक्ति तक संभालेंगे जिम्मेदारी
भोपाल, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) में कुलगुरु पद पर एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। प्रभारी कुलगुरु प्रो. विवेक शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने उनका त्यागपत्र तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। साथ ही, नियमित कुलगुरु की नियुक्ति होने तक उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन को विश्वविद्यालय के कुलगुरु का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
राजभवन (लोक भवन) की ओर से गुरूवार को जारी आदेश के अनुसार, प्रो. विवेक शर्मा ने 22 जुलाई 2026 को अपना त्यागपत्र सौंपा था। कुलाधिपति ने इसे स्वीकार करते हुए उनके कार्यभार से संबंधित पूर्व आदेश निरस्त कर दिए हैं। आदेश के मुताबिक, नई नियमित नियुक्ति होने तक अनुपम राजन अपने मौजूदा दायित्वों के साथ-साथ बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरु की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
एक महीने में दूसरी बार बदला कुलगुरु का प्रभार
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में पिछले एक महीने के भीतर कुलगुरु पद पर यह दूसरा बड़ा बदलाव है। इससे पहले नियमित कुलगुरु प्रो. एस.के. जैन के इस्तीफे के बाद प्रबंध संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. विवेक शर्मा को प्रभारी कुलगुरु बनाया गया था। अब उनके इस्तीफे के बाद विश्वविद्यालय की कमान शासन के वरिष्ठ अधिकारी अनुपम राजन को सौंपी गई है।
कामकाज प्रभावित न हो, इसलिए अंतरिम व्यवस्था
राजभवन ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से यह अंतरिम व्यवस्था की गई है। नए नियमित कुलगुरु की नियुक्ति तक विश्वविद्यालय का संचालन अनुपम राजन के नेतृत्व में होगा।
इस्तीफे की वजह का खुलासा नहीं
राजभवन की ओर से जारी आदेश में प्रो. विवेक शर्मा के इस्तीफे के कारणों का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने किन परिस्थितियों में पद छोड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

