भोपाल में चौथे रूट पर  बैरागढ़ से मंडीदीप तक दौड़ीं ई-बसें, 40 हुआ बेड़े का आंकड़ा, 21 सितंबर से 5 और बसें जुड़ेंगी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में चौथे रूट पर  बैरागढ़ से मंडीदीप तक दौड़ीं ई-बसें, 40 हुआ बेड़े का आंकड़ा, 21 सितंबर से 5 और बसें जुड़ेंगी


भोपाल, 18 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को विस्तार देते हुए शुक्रवार से ई-बस सेवा के चौथे रूट बी-38 (बैरागढ़-मंडीदीप) की शुरुआत हो गई। इस रूट पर फिलहाल 10 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं। 21 सितंबर से पांच और बसें जोड़ने की योजना है। इसके बाद इस रूट पर कुल 15 बसें चलेंगी। नए रूट के शुरू होने के साथ भोपाल में संचालित ई-बसों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है।

बी-38 रूट शुरू होने से बैरागढ़ से मंडीदीप और होशंगाबाद रोड क्षेत्र के बीच सार्वजनिक परिवहन की सीधी सुविधा उपलब्ध होगी। इस रूट से होशंगाबाद रोड की करीब 300 कॉलोनियां जुड़ेंगी। यहां रहने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को एमपी नगर, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, बोर्ड ऑफिस, न्यू मार्केट और बैरागढ़ सहित शहर के प्रमुख हिस्सों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

33.6 किमी लंबे रूट पर प्रमुख क्षेत्र जुड़ेंगे

बी-38 रूट की लंबाई करीब 33.6 किलोमीटर है। बसें बैरागढ़ ई-बस डिपो से चलकर बोर्ड ऑफिस चौराहा, मेट्रो स्टेशन होते हुए एचईजी मंडीदीप तक जाएंगी। रास्ते में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-5, डीआरएम मेट्रो स्टेशन, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, बागसेवनिया थाना, आशिमा मॉल, आरकेडीएफ, मिसरोद, 11 मील, इंडस टाउन, चिनार ड्रीम सिटी, आयशर-सतलापुर क्षेत्र और मंडीदीप के औद्योगिक क्षेत्र जुड़ेंगे। अब तक एमपी नगर और आईएसबीटी तक ई-बस सेवा उपलब्ध थी, लेकिन इसके आगे मिसरोद, 11 मील और मंडीदीप क्षेत्र के लिए इस तरह की सीधी कनेक्टिविटी नहीं थी। नए रूट से इस हिस्से में सार्वजनिक परिवहन का विकल्प बढ़ेगा।

रोजाना करीब 5 हजार यात्रियों को जोड़ने का अनुमान

भोपाल में वर्तमान में संचालित ई-बसों से रोजाना औसतन करीब 10 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। बी-38 पर 15 बसें संचालित होने के बाद करीब 5 हजार अतिरिक्त यात्रियों को इसका लाभ मिलने का अनुमान है। इससे शहर के पश्चिमी हिस्से को मंडीदीप और होशंगाबाद रोड क्षेत्र से जोड़ने में मदद मिलेगी।

न्यूनतम किराया 6-7, अधिकतम 40 रुपए

ई-बसों का किराया दूरी के अनुसार निर्धारित है। विभिन्न हिस्सों के लिए न्यूनतम किराया करीब 6 से 7 रुपए, जबकि अधिकतम किराया 40 रुपए तक है। ई-बस सेवा के मौजूदा नेटवर्क में बैरागढ़, एमपी नगर, न्यू मार्केट, बावड़ियाकलां, सलैया, रोहित नगर, कोहेफिजा और पीरगेट समेत शहर के कई प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।

30 जुलाई को 10 बसों से हुई थी शुरुआत

भोपाल में पीएम ई-बस सेवा की शुरुआत 30 जुलाई को 10 बसों के साथ हुई थी। इसके बाद 18 अगस्त को 10 और बसें जोड़ी गईं। फिर 10 और बसें आने के बाद संख्या 30 पहुंची। अब बी-38 रूट पर 10 बसों के संचालन के साथ शहर में ई-बसों का बेड़ा 40 हो गया है। फिलहाल तीन अन्य रूट पर भी ई-बसें चल रही हैं। इनमें बी-35 चिरायु अस्पताल-बैरागढ़ से आकृति ईको सिटी-सलैया, बी-36 कोच फैक्ट्री रेलवे स्टेशन से बैरागढ़ चिचली-कोलार और बी-37 बैरागढ़ से नादरा, वल्लभ भवन, बोर्ड ऑफिस और आईएसबीटी के बीच संचालित हो रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story