भोपाल के आजाद मार्केट में बड़ा हादसा टला, पेड़ की विशाल टहनी गिरने से 3 घायल, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के आजाद मार्केट में बड़ा हादसा टला, पेड़ की विशाल टहनी गिरने से 3 घायल, सीसीटीवी में कैद हुई घटना


भोपाल, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के पुराने शहर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र आजाद मार्केट में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बाजार में लगे एक मुनगा (सहजन) के पेड़ की विशाल टहनी अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई, जिससे वहां से गुजर रहे तीन बाइक सवार घायल हो गए। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टहनी गिरने के बाद मची अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3:15 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय न तो बारिश हो रही थी और न ही तेज हवा चल रही थी। अचानक पेड़ की भारी टहनी टूटकर सड़क पर आ गिरी, जिसकी चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। तीनों के सिर में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को टहनी के नीचे से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

कुछ सेकंड पहले गुजरे थे कई लोग, टला बड़ा हादसा

सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि टहनी गिरने से कुछ ही सेकंड पहले कई राहगीर, ग्राहक और वाहन उस रास्ते से गुजरे थे। एक लोडिंग ऑटो भी घटना से ठीक पहले वहां से निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोपहर के समय बाजार में अपेक्षाकृत कम भीड़ थी। यदि यही हादसा शाम के व्यस्त समय में होता, बड़ा हादसा हाे सकता था।

जर्जर पेड़ों और अतिक्रमण पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में मौजूद जर्जर पेड़ों और बढ़ते अतिक्रमण को लेकर चिंता जताई है। व्यापारियों का कहना है कि आजाद मार्केट में कई पेड़ ऐसे हैं जिनकी टहनियां लंबे समय से छंटाई के अभाव में कमजोर हो चुकी हैं और किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। व्यापारी प्रतिनिधियों के अनुसार, बाजार की सड़कों के दोनों ओर अतिक्रमण बढ़ने से पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं बची है। कई स्थानों पर राहगीरों को मुश्किल से निकलने की जगह मिलती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की मांग

हादसे के बाद व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में खतरनाक और जर्जर पेड़ों का सर्वे कराया जाए, उनकी समय पर छंटाई की जाए तथा अतिक्रमण हटाकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story