भोपाल में प्रहरी से मारपीट कर हमीदिया अस्पताल से बंदी फरार, हथकड़ी समेत भागा

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में प्रहरी से मारपीट कर हमीदिया अस्पताल से बंदी फरार, हथकड़ी समेत भागा


भोपाल, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल से गुरुवार सुबह केंद्रीय जेल का एक बंदी सुरक्षा में तैनात प्रहरी से मारपीट करने के बाद हथकड़ी समेत फरार हो गया।

बंदी को उसकी मानसिक स्थिति की जांच और उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। मनोरोग विभाग के वार्ड में मौका मिलते ही उसने भागने की कोशिश की और अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया। फरारी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।

फरार बंदी की पहचान सोहेल खान पुत्र वाहिद खान के रूप में हुई है। उसे धारा 151 के तहत एसीपी टीटी नगर अंकित खतरकर ने बुधवार शाम जेल भेजा था। जेल प्रबंधन के अनुसार, बंदी के व्यवहार को लेकर पहले से ही परेशानी सामने आ रही थी और उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे गुरुवार सुबह हमीदिया अस्पताल लाया गया था। जानकारी के मुताबिक, सोहेल खान को हमीदिया अस्पताल के मनोरोग विभाग में जांच के लिए ले जाया गया था। उसके साथ सुरक्षा में जेल प्रहरी सतीश धाकड़ भी तैनात थे। इसी दौरान बंदी ने प्रहरी के साथ मारपीट की और मौका पाकर भागने लगा। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बंदी मरीजों के साथ कतार में खड़ा था। कुछ देर बाद वह नीचे झुकता है और अचानक चप्पल हाथ में लेकर दौड़ लगा देता है। उसके हाथ में हथकड़ी लगी हुई थी।

पीछे से दरवाजा बंद किया, फिर लगाई दौड़

भागते समय बंदी ने वार्ड का दरवाजा पीछे से बंद कर दिया। इससे पीछा कर रहे प्रहरी और महिला जेलकर्मी को उसे पकड़ने में मुश्किल हुई। दोनों ने उसका पीछा किया, लेकिन बंदी तेजी से अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया। फरारी के दौरान उसने अपनी चप्पलें भी फेंक दीं और हथकड़ी पहने ही भागता रहा। अस्पताल के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में उसके भागने का रास्ता रिकॉर्ड हुआ है।

कई मामलों में नाम सामने आने की जानकारी

जेल प्रबंधन के अनुसार, सोहेल खान के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। जेल में उसका व्यवहार संदिग्ध और अन्य बंदियों के प्रति आक्रामक बताया गया था। इसी के चलते उसकी मानसिक स्थिति की जांच कराए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस और जेल प्रशासन ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर के अनुसार, जेल प्रशासन की ओर से बंदी के फरार होने की सूचना मिली है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों के साथ आसपास के इलाकों में भी तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसके भागने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और फरारी की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story