भोपाल के खानूगांव में सोमवार को आयोजित होगा सेना का बाढ़ राहत अभ्यास 'एक्स बाढ़ व्यवस्था'

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के खानूगांव में सोमवार को आयोजित होगा सेना का बाढ़ राहत अभ्यास 'एक्स बाढ़ व्यवस्था'


भोपाल, 05 जुलाई (हि.स.) । भारतीय सेना द्वारा सोमवार, 6 जुलाई को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बड़े तालाब स्थित खानूगांव के सेलिंग नोड पर वार्षिक व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रदर्शन अभ्यास 'एक्स बाढ़ व्यवस्था' का आयोजन किया जा रहा है। इस वार्षिक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य बाढ़ राहत अभियानों के संचालन को व्यावहारिक रूप से प्रदर्शित करना और मानसूनी आपदाओं से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ बनाना है।

जनसंपर्क अधिकारी अवंतिका जायसवाल ने रविवार को बताया कि यह आयोजन भारतीय सेना के 3 ईएमई सेंटर की 4 टेक ट्रेनिंग बटालियन के तत्वावधान में संपन्न होगा। इस सैन्य अभ्यास में सेना की विभिन्न इकाइयों के साथ-साथ आपदा प्रबंधन से जुड़ी नागरिक एजेंसियां भी सहभागिता करेंगी। अभ्यास के दौरान नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ), स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीईआरएफ), डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (डीएमआई), स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एसडीएमए), होम गार्ड्स और राज्य प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित रहकर संयुक्त राहत व बचाव रणनीतियों का प्रदर्शन करेंगे। इस समन्वित अभ्यास से संकट के समय विभिन्न विभागों के बीच आपसी सामंजस्य को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story