भोपाल के अन्ना नगर कचरा प्लांट में भीषण आग, 8 घंटे तक धधकता रहा मलबा, 25 टन कचरा राख

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के अन्ना नगर कचरा प्लांट में भीषण आग, 8 घंटे तक धधकता रहा मलबा, 25 टन कचरा राख


भोपाल के अन्ना नगर कचरा प्लांट में भीषण आग, 8 घंटे तक धधकता रहा मलबा, 25 टन कचरा राख


11 फायर स्टेशनों की 50 से ज्यादा दमकलें जुटीं, कपड़ों के ढेर ने बढ़ाई मुश्किलें

भोपाल, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अन्ना नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन में शनिवार देर रात लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग इतनी भयावह थी कि करीब आठ घंटे तक उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इस हादसे में लगभग 25 टन कचरा जलकर राख हो गया, जबकि करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी अनुसार आग शनिवार रात करीब 12 बजे लगी थी, जोकि रविवार सुबह तक भी काबू में नहीं आ पाई थी। अभी भी काफी हिस्से में आग भभक रही है। आग बुझाने के लिए शहर के सभी 11 फायर स्टेशनों से 50 से अधिक दमकल और पानी के टैंकर मौके पर तैनात किए गए। गोविंदपुरा, फतेहगढ़, बैरागढ़, कोलार और गांधीनगर सहित विभिन्न इलाकों से पहुंची टीमों ने पूरी रात राहत और बचाव कार्य जारी रखा। बावजूद इसके, रविवार सुबह तक प्लांट के कई हिस्सों में आग सुलगती रही और धुआं उठता रहा।

दूसरी ओर कचरा प्लांट मुख्य सड़क से महज 10 मीटर की दूरी पर स्थित होने के कारण आसपास के रहवासी दहशत में रहे। सड़क किनारे रहने वाले लोगों ने पूरी रात जागकर गुजारी। हालात की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और एहतियातन पुलिस बल भी तैनात किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लांट की बंद पड़ी रिसाइक्लिंग यूनिट में करीब 150 टन रद्दी कपड़ों का बड़ा स्टॉक रखा था। आशंका है कि आग सबसे पहले इसी यूनिट में लगी और कपड़ों के ढेर के कारण तेजी से फैल गई। यही वजह रही कि आग पर काबू पाने में घंटों लग गए। बताया जा रहा है कि यह प्लांट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर संचालित हो रहा था। आग में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी समेत प्लांट का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया, जिससे करीब 25 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावनाओं की जांच की जा रही है। आग पूरी तरह बुझने के बाद नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारी संयुक्त निरीक्षण करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story