भोपाल में एयरपोर्ट रोड पर हादसा, साइड वॉल तोड़ 20 फीट नीचे गिरा ट्राला, ड्राइवर गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में एयरपोर्ट रोड पर हादसा, साइड वॉल तोड़ 20 फीट नीचे गिरा ट्राला, ड्राइवर गंभीर


भोपाल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गांधीनगर स्थित एयरपोर्ट रोड पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर सीमेंट की साइड वॉल तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे सर्विस लेन पर जा गिरा। हादसे में ट्राले का चेचिस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसकी बॉडी ब्रिज पर ही अटक गई। दुर्घटना में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्राला बायपास की ओर जा रहा था। ब्रिज से उतरते समय उसकी रफ्तार तेज थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सीमेंट की साइड वॉल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्राला दीवार तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। हादसे में ट्राले का चेचिस करीब 20 फीट नीचे सर्विस लेन पर गिर गया, जबकि वाहन की बॉडी ब्रिज पर ही अटक गई। नीचे गिरने से चेचिस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त सर्विस लेन से कोई व्यक्ति नहीं गुजर रहा था। ऐसे में नीचे किसी राहगीर के मौजूद होने पर बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765438 Articles

Share this story