भोपाल में एम्स और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में निकली अफवाह
भोपाल, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार काे उस समय हड़कंप मच गया, जब एम्स भोपाल और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। ई-मेल में दावा किया गया था कि परिसर में सायनाइड जहर वाले बम रखे गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करेंगे। साथ ही सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों और छात्रों को बाहर निकालने की चेतावनी दी गई थी।
धमकी भरा ई-मेल सोमवार तड़के करीब 3 बजे दोनों संस्थानों को अलग-अलग भेजा गया। संदेश में आपत्तिजनक और डर फैलाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया था। सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस टीम बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची। एम्स परिसर में बागसेवनिया थाना पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। टीआई अमित सोनी और उनकी टीम ने तलाशी अभियान चलाया।
वहीं, पीपुल्स यूनिवर्सिटी में निशातपुरा टीआई मनोज पटवा सहित थाना स्टाफ ने सर्च ऑपरेशन किया। परिसर को एहतियातन खाली कराया गया। क्लासरूम, हॉस्टल, अस्पताल भवन, पार्किंग और अन्य संदिग्ध स्थानों की बारीकी से तलाशी ली गई। बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक चले सघन जांच अभियान में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली और धमकी को झूठा पाया गया।
साइबर सेल जांच में जुटी
पुलिस ने ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वाले की पहचान जल्द कर ली जाएगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डिजिटल ट्रेल खंगाली जा रही है।
15 दिन में दूसरी बार मिली धमकी
गौरतलब है कि 19 फरवरी को भी पीपुल्स मेडिकल कॉलेज को इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था। उस समय भी बम स्क्वॉड ने सघन तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। लगातार दूसरी बार मिली धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल दोनों संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस सतर्क नजर रखे हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

