भोपाल में प्रशासन की नई पहल, तहसील स्तर पर पहली बार हुई जिला स्तरीय जनसुनवाई

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में प्रशासन की नई पहल, तहसील स्तर पर पहली बार हुई जिला स्तरीय जनसुनवाई


भोपाल, 05 मई (हि.स.)। भोपाल जिले में सुशासन और प्रशासनिक विकेंद्रीकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए पहली बार मंगलवार काे जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन तहसील स्तर पर किया गया। यह अभिनव पहल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में बैरसिया तहसील में आयोजित हुई।

इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण अंचलों के नागरिकों को उनके घर के नजदीक ही प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराना रहा, ताकि उन्हें अपनी समस्याएं लेकर जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। इससे न केवल समय की बचत हुई, बल्कि आर्थिक बोझ भी कम हुआ।

बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण, मौके पर हुआ समाधान

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने संवेदनशीलता के साथ एक-एक आवेदक को सुना और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर समाधान सुनिश्चित किया। जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजा गया।

“यह सिर्फ शुरुआत है”- कलेक्टर

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि तहसील स्तर पर इस तरह की जनसुनवाई का यह पहला आयोजन है और आगे भी इसे नियमित रूप से जारी रखा जाएगा। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जनता के द्वार तक पहुंचा प्रशासन

प्रशासन की इस पहल को आमजन तक शासन की पहुंच सुनिश्चित करने और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक और प्रभावी कदम माना जा रहा है। ग्रामीणों ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अब उनकी समस्याओं का समाधान पहले से अधिक सहज और तेज़ी से हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story